कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने केंद्र सरकार को घेरा, कहा – बढ़ती महंगाई से जनता परेशान

प्रधान संपादक दीपक जायसवाल की क़लम से —
छत्तीसगढ़-बलरामपुर || छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और बढ़ती महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बलरामपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कहा कि केंद्र सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
वहीं बलरामपुर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई स्थानों पर पेट्रोल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अलग-अलग शहरों में पेट्रोल के दामों में 1 रुपये से लेकर 4 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही विमान ईंधन (एविएशन फ्यूल) की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने से हवाई यात्रा महंगी हो गई है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत, जिसे पहले लगभग 400 रुपये में उपलब्ध बताया जाता था, अब बढ़कर 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी 1580 रुपये से बढ़कर करीब 1691 रुपये तक हो गए हैं।
यादव ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा विभिन्न सेवाओं पर अलग-अलग शुल्क लगाए जा रहे हैं, जिससे बैंकिंग और अन्य सेवाएं भी आम लोगों के लिए महंगी होती जा रही हैं। पेट्रोल, डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता का बजट बिगड़ गया है और लोगों के लिए परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
जहां इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष विनोद बाबा, महामंत्री संजीव गुप्ता, बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), विश्वजीत सिंह (विक्की बाबा), प्रेमसागर सिंह, नन्हेंलाल गुप्ता, कृपा शंकर, सुनील गुप्ता, बुद्धदेव पोया, सत्यनारायण यादव, संजीत राजा चौबे, केश्वर लकड़ा, उमा गुप्ता, महमूद खान, सुनील तिर्की सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











