
बलरामपुर || बलरामपुर जिले के धान उपार्जन केंद्र स्याही में पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष अनिल कुशवाहा द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का जायजा लिया। किसानों ने धान तौल, भुगतान में देरी, बारदाने की कमी, टोकन व्यवस्था, कर्मचारियों की लापरवाही सहित कई गंभीर समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
वहीं कुछ किसानों ने यह भी शिकायत की कि बारदाने की कमी के चलते धान की खरीदी प्रभावित हो रही है और भुगतान प्रक्रिया भी धीमी है। निरीक्षण के दौरान पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष अनिल कुशवाहा ने संबंधित कर्मचारियों से भी जानकारी ली और व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता व सुचारू संचालन बेहद जरूरी है।
अनिल कुशवाहा ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि धान उपार्जन केंद्र स्याही में सामने आई सभी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। किसानों की समस्याओं को ब्लॉक स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक मजबूती से रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो संबंधित अधिकारियों से सीधे चर्चा कर जल्द समाधान कराया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की मंशा है कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य समय पर मिले, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। किसानों के हित में आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता है और वे लगातार इस मुद्दे पर नजर बनाए रखेंगे। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने भी उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा और धान खरीदी व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।











