छत्तीसगढ़-बलरामपुर || छत्तीसगढ़ राज्य शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में उद्यानिकी विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और कृषकों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के अंतिम छोर तक के पात्र कृषकों को उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के विभिन्न घटकों के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु गांव-गांव जाकर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक किसान जागरूक होकर योजना का लाभ ले सकें और आत्मनिर्भर की राह पर अग्रसर हों।जहां इस समीक्षा के दौरान श्री नायक ने आलू फसल प्रदर्शन योजना को केवल पाट क्षेत्रों तक सीमित न रखते हुए मैदानी क्षेत्रों में भी लागू करने के निर्देश दिए और इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने ग्राफ्टेड टमाटर एवं बैंगन की खेती को पुनः राज्य योजना में शामिल कराने हेतु प्रस्ताव तैयार कर शाकंभरी बोर्ड को प्रेषित करने के निर्देश दिए।वही इस बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य शाकंभरी बोर्ड के सदस्य श्री बसंत पटेल, श्री संतोष पटेल, श्री प्रेमलाल पटेल एवं श्री प्रेम पटेल, कृषि स्थाई समिति के सभापति श्री बद्री यादव, सहायक संचालक उद्यान श्री कमलेश कुमार साहू तथा उप संचालक कृषि श्री परमानंद वर्मा सहित जनप्रतिनिधि गण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।