बलरामपुर जिला मुख्यालय जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों को मिला फलदार पौधों का उपहार, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

छत्तीसगढ़-बलरामपुर || छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जनदर्शन समाप्त होने के पश्चात जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीणजनों को फलदार पौधों का वितरण किया गया।
बलरामपुर जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक बाजपेई ने बताया कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण सुरक्षा और ग्रामीणों की आय बढ़ाने में भी सहायक हो सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए पौधों को अपने घर और खेतों में लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ानें का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।









